सीएसआईआर-जिज्ञासा कार्यक्रम

अवलोकन

जिज्ञासा कार्यक्रम विद्यार्थियों और वैज्ञानिकों को जोड़ने वाली एक अभिनव पहल है, जिसे भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के सहयोग से वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) द्वारा विद्यालयी विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा जागृत करने तथा नवाचार की संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रारम्भ किया गया है। यह पहल “करके सीखना (Learning by Doing)” के सिद्धांत पर आधारित है तथा देशभर के केंद्रीय विद्यालयों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों और सीएसआईआर प्रयोगशालाओं के बीच एक संवादात्मक मंच स्थापित करती है।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप जिज्ञासा कार्यक्रम प्रयोगशाला भ्रमण, वैज्ञानिक प्रदर्शनी, विशेषज्ञ व्याख्यान, छात्र मार्गदर्शन तथा व्यावहारिक कार्यशालाओं के माध्यम से अनुभवात्मक अधिगम को बढ़ावा देता है। वर्ष 2017 में प्रारम्भ होने के बाद यह कार्यक्रम निरंतर विकसित हुआ है। जिज्ञासा 2.0 के अंतर्गत वर्चुअल प्रयोगशाला भ्रमण, वेबिनार तथा संवादात्मक सत्रों के माध्यम से इसकी डिजिटल पहुँच का उल्लेखनीय विस्तार हुआ है, जिससे वैज्ञानिक विषय-वस्तु अधिक व्यापक और विविध छात्र समुदाय तक पहुँच रही है।

सीएसआईआर-राष्ट्रीय धातुकर्म प्रयोगशाला (सीएसआईआर-एनएमएल), जमशेदपुर इस कार्यक्रम की एक सक्रिय सहभागी संस्था है। प्रयोगशाला द्वारा नियमित रूप से प्रयोगशाला भ्रमण, वैज्ञानिक प्रदर्शन, व्यावहारिक प्रयोग, प्रेरक व्याख्यान, करियर मार्गदर्शन तथा वैज्ञानिक-शिक्षक संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। विद्यार्थियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद के अतिरिक्त, सीएसआईआर-एनएमएल विद्यार्थियों के लिए सिमुलेशन, कॉमिक्स, एनीमेशन, प्रश्नोत्तरी आदि जैसे वर्चुअल शिक्षण संसाधनों का भी विकास करता है। सीएसआईआर-एनएमएल में जिज्ञासा 2.0 का विशेष ध्यान सतत विकास, पदार्थ विज्ञान तथा धातुकर्म जैसे विषयों पर केन्द्रित है, जिससे भौगोलिक एवं सामाजिक-आर्थिक स्तर पर अधिक समावेशिता सुनिश्चित होती है।

यह कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान के व्यावहारिक अनुप्रयोगों की समझ विकसित करने में सहायता प्रदान करता है तथा उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में भविष्य निर्माण हेतु प्रेरित करता है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से संपन्न तथा नवाचार-उन्मुख युवा पीढ़ी के निर्माण में यह पहल महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है

सीएसआईआर-एनएमएल में जिज्ञासा कार्यक्रम की झलकियाँ

Jigyasa Program pic10
Jigyasa Program pic9